CORONA अच्छी खबर : एक दिन में रिकॉर्ड 55 हजार से अधिक लोग हुए स्वस्थ , देश में हर मिनट हो रहे 500 कोरोना टेस्ट

CORONA अच्छी खबर: एक दिन में रिकॉर्ड 55 हजार से अधिक लोग हुए स्वस्थ , देश में हर मिनट हो रहे 500 कोरोना टेस्ट

नई दिल्ली, 10 अगस्त : कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जांच की क्षमता लगातार बढ़ रही है। कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए पिछले चौबीस घंटे के दौरान रिकॉर्ड सात लाख नमूनों की जांच की गई है। इस दौरान 63 हजार से ज्यादा नए मामले भी सामने आए और रिकॉर्ड 55 हजार से अधिक लोग स्वस्थ हुए। कुल संक्रमितों का आंकड़ा 22 लाख को पार कर गया है। जबकि, 43 हजार से ज्यादा लोगों की अब तक जान भी जा चुकी है और 14 लाख से ज्यादा मरीज ठीक भी हुए हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में पिछले कई दिनों से रोजाना छह लाख से अधिक नमूनों की जांच हो रही है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) में विज्ञानी और मीडिया समन्वयक डॉ. लोकेश शर्मा ने कहा कि शनिवार को रिकॉर्ड सात लाख 19 हजार 364 नमूनों की जांच की गई। कोरोना का पता लगाने के लिए हर मिनट 500 टेस्ट किए जा रहे हैं और प्रतिदिन जांच की क्षमता बढ़कर पांच लाख से अधिक हो गई है। अब तक दो करोड़ 41 लाख छह हजार 535 नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

मंत्रालय ने कहा है कि बड़ी संख्या में जांच होने से ही अधिक संख्या में संक्रमित मामले मिल रहे हैं। राज्यों को मरीजों का पता लगाने, उन्हें आइसोलेट करने और उनका तुरंत इलाज शुरू करने पर ध्यान केंद्रित करने को कहा गया है।

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ व अन्य स्रोतों से रात 10 बजे तक मिली सूचनाओं के मुताबिक शनिवार देर रात से अब तक 63,623 नए मामले सामने आए हैं।  इस दौरान 55,931 मरीज ठीक हुए हैं, जो एक दिन में स्वस्थ होने वाले मरीजों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।

14 लाख से ज्यादा मरीज हुए ठीक

हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सुबह आठ बजे जो आंकड़े जारी किए हैं, उसके मुताबिक बीते चौबीस घंटे में 64,399 नए मामले मिले हैं और 861 मरीजों की मौत हुई है। इनको मिलाकर कुल संक्रमितों की संख्या 21 लाख 53 हजार को पार कर गई है और 43,379 लोगों की मौत भी हो चुकी है। अब तक 14 लाख 80 हजार से अधिक लोग ठीक हो चुके हैं और मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 68.78 फीसद हो गई है, जबकि मृत्युदर घटकर 2.01 फीसद पर आ गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य स्त्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्र को मिलने वाली सूचनाओं में देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर जारी करती हैं।

सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र में

रविवार को देशभर में 995 लोगों की मौत हुई, जिसमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 390 मौतें शामिल हैं। इसके अलावा तमिलनाडु में 119, आंध्र प्रदेश में 97, बंगाल में 54, उत्तर प्रदेश में 41, गुजरात में 25, मध्य प्रदेश में 19, जम्मू-कश्मीर व दिल्ली में 13-13, राजस्थान में 11, पंजाब व हरियाणा में नौ-नौ, गोवा में तीन और केरल में दो मौतें हुई हैं।

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा नए मामले

पिछले चौबीस घंटे के दौरान देशभर में जो कुल 63,623 नए मामले सामने आए हैं, उनमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 12,248 मामले शामिल हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में 10,820, तमिलनाडु में 5,994, उत्तर प्रदेश में 4,571, बंगाल में 2,939, दिल्ली में 1,300 और गुजरात में 1,078 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही महाराष्ट्र में अब तक पांच लाख 15 हजार 332, तमिलनाडु में दो लाख 96 हजार 901, उत्तर प्रदेश में एक लाख 22 हजार 609, बंगाल में 95 हजार 554, दिल्ली में एक लाख 45 हजार 427 और गुजरात में 71 हजार 64 संक्रमित अब तक मिल चुके हैं।