ब्रिटेन में 32 हजार नए केस , 570 की मौत , नई स्ट्रेन से मुकाबले को सख्त लॉकडाउन , अमेरिका में 5.67 लाख के मरने की आशंका #ब्रिटेन #स्ट्रेन #लॉकडाउन

ब्रिटेन में 32 हजार नए केस , 570 की मौत , 

नई स्ट्रेन से मुकाबले को सख्त लॉकडाउन , 

अमेरिका में 5.67 लाख के मरने की आशंका

लंदन : ब्रिटेन में कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन से मुकाबले के लिए शनिवार से सख्त लॉकडाउन लागू कर दिया गया। इस देश में बीते हफ्ते कोरोना का एक नया स्ट्रेन मिला था। वायरस का यह नया प्रकार ज्यादा संक्रामक बताया जा रहा है। ब्रिटेन में नया स्ट्रेन मिलने के बाद महामारी का प्रकोप बढ़ गया है। बीते 24 घंटों के दौरान 32 हजार 725 नए संक्रमित पाए गए और 570 मरीजों की मौत हुई। इससे मरने वालों की संख्या 70 हजार के पार पहुंच गई है।

कई इलाकों में सख्‍त पाबंदियां

पीड़ि‍तों का आंकड़ा 22 लाख 21 हजार से अधिक हो गया है। ब्रिटेन के कई इलाकों में पहले से ही सख्त पाबंदियां प्रभावी हैं। इन पाबंदियों को शनिवार से देश के बाकी हिस्सों में भी लागू कर दिया गया। पूर्वी इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, नार्दर्न आयरलैंड और वेल्स में भी सख्त लॉकडाउन लगा दिया गया है।

जिम, बार, सैलून समेत गैर जरूरी दुकानें बंद

इन सख्त पाबंदियों के तहत सभी गैर जरूरी दुकानों, बार, जिम, ब्यूटी सैलून और रेस्तरां को बंद कर दिया गया है। लोगों के मिलने-जुलने पर भी रोक लगा दी गई है। कोरोना का नया रूप मिलने के बाद लंदन समेत इंग्लैंड के बड़े हिस्से में क्रिसमस से पहले ही सख्त उपाय प्रभावी कर दिए गए थे।

अमेरिका में एक अप्रैल तक 5.67 लाख लोगों के मरने का अंदेशा

वाशिंगटन यूनिवर्सिटी ने एक नए अनुमान में यह अंदेशा जताया है कि अमेरिका में एक अप्रैल तक कोरोना से मरने वालों की संख्या पांच लाख 67 हजार हो सकती है। देशभर में अभी तीन लाख 30 हजार पीडि़तों की जान गई है। एक करोड़ 87 लाख 56 हजार संक्रमित पाए गए हैं।

रूस में संक्रमितों का आंकड़ा 30 लाख पार

रूस के कोरोना रिस्पांस सेंटर ने शनिवार को बताया कि देशभर में बीते 24 घंटों के दौरान 29 हजार 258 नए पॉजिटिव केस पाए गए। इससे पीडि़तों का आंकड़ा तीस लाख के पार पहुंच गया है। इस अवधि में 567 मरीजों के दम तोड़ने से मरने वालों की संख्या 54 हजार 226 हो गई है।

एक नजर इन देशों पर

ब्राजील : 482 पीडि़तों के दम तोड़ने से मरने वालों की संख्या एक लाख 90 हजार के पार पहुंच गई। यहां कुल 74 लाख 48 हजार संक्रमित पाए गए हैं।

जापान : राजधानी टोक्यो में शनिवार को 949 नए कोरोना पॉजिटिव केस पाए गए। इनमें कोरोना के नए स्ट्रेन का एक मामला भी बताया जा रहा है।