कोरोना का कहर, केन्द्रीय राज्यमंत्री का निधन, कोविड-19 से थे संक्रमित #केंद्रीयराज्यमंत्री #Covid-19 #केन्द्रसरकार #भारतसरकार

कोरोना का कहर, राज्यमंत्री  का निधन,

 कोविड-19 से थे संक्रमित

नई दिल्ली, 23 सितंबर : केंद्रीय राज्यमंत्री सुरेश अंगड़ी (Suresh Angadi) का बुधवार को निधन हो गया। वह कोरोना वायरस से संक्रमित थे। मंत्री सुरेश अंगड़ी केंद्रीय कैबिनेट में रेल राज्य मंत्री (MOS Railways Suresh Angadi) थे।कोविड-19 से संक्रमित अंगड़ी का दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज चल रहा था। सुरेश अंगड़ी कर्नाटक की बेलगाम सीट से सांसद थे और उन्हें साल 2019 में मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में रेल राज्य मंत्री का प्रभार दिया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  ने सुरेश अंगड़ी के निधन पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि "सुरेश अंगड़ी बेहतरीन कार्यकर्ता थे जिन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत करने का काम किया।"

पीएम मोदी ने आगे लिखा कि "वह समर्पित सांसद और प्रभावी मंत्री थे जिनकी हर कोई प्रशंसा करता था। उनका जाना दुखद है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और मित्रों के साथ हैं। ओम शांति"

वहीं केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट किया कि "सुरेश अंगड़ी जी के दुर्भाग्यपूर्ण निधन पर गहरा दुख हुआ। वह मेरे भाई की तरह थे। काम के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और समर्पण को बताने के लिए शब्द कम पड़ जाएंगे। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और मित्रों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति"