महाराष्ट्र : बालासाहेब थोरात के इस्तीफे की पेशकश से सोनिया गांधी नाराज़ सूत्र #Maharashtra #BalasahebThorat #Congress

महाराष्ट्र : बालासाहेब थोरात के इस्तीफे की पेशकश से सोनिया गांधी नाराज़ सूत्र

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहेब थोरात के इस्तीफे की पेशकश से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी नाराज़ हैं। सूत्रों के मुताबिक़ इस्तीफा सोनिया गांधी के संज्ञान में नहीं है। 2 दिन पहले थोरात ने संगठन महासचिव के सी वेणु गोपाल से मिलकर महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की थी।

सोनिया ने पूछा- क्यों और किसने मांगा बालासाहेब थोरात से इस्तीफा

सूत्रों के मुताबिक सोनिया गांधी ने संबंधित नेताओं से पूछा है कि क्यों और किसने मांगा बालासाहेब थोरात से इस्तीफा। सूत्रों के मुताबिक़ सोनिया गांधी का मानना है संकट की घड़ी में संगठन का सबसे ज्यादा साथ देने वाले नेताओं में से थोराट एक हैं। लिहाज़ा इन सब के पीछे महाराष्ट्र कांग्रेस में खेमेबाजी को वजह माना जा रहा है।

असल में थोरात मंत्री होने के साथ साथ महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी हैं और विधायक दल के नेता भी, इसलिए महाराष्ट्र कांग्रेस का एक धड़ा इस बात पर सवाल खड़े कर रहा है कि आखिर सारी कमान एक ही व्यक्ति के पास क्योँ हो। हाल ही में बालासाहेब थोरात के भतीजे को महाराष्ट्र यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष भी बनाया गया है।

ऐसा माना जा रहा है कि कुछ बड़ नेता थोरात पर पद छोड़ने का दबाव डाल रहे थे

माना जा रहा है कि महाराष्ट्र कांग्रेस के कुछ बड़ नेता प्रदेश अध्यक्ष बनने कि लालसा में थोरात पर पद छोड़ने का दबाव डाल रहे थे जिसकी वजह से थोरात ने 2 दिनों पहले ही के सी वेणुगोपाल से मिलकर अपने इस्तीफे की पेशकश कर दी थी, मगर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इससे नाराज़ बताई जा रही हैं।