समृद्धि एक्सप्रेस - वे पर महंगा पड़ेगा टोल टैक्स, नागपुर से मुंबई के लिए देने होंगे 1157 रुपए Samrudhi Express Way Nagpur Mumbai

समृद्धि एक्सप्रेस - वे पर महंगा पड़ेगा टोल टैक्स, 

 नागपुर से मुंबई के लिए देने होंगे 1157 रुपए

#Loktantrakiawaaz
#SamridhiExpressNews
मुंबई : बहुउद्देशीय मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेस-वे (Samridhi Expressway) पर यात्रा करते समय वाहनचालकों को अपनी जेब अच्छी खासी ढ़ीली करनी पड़ेगी।

यदि आप भी इस एक्सप्रेस पर ट्रैवल करने की सोच रहे हैं तो आपको पहले ये जान लेना चाहिए कि इस एक्सप्रेस-वे पर नागपुर से मुंबई या मुंबई (Mumbai) से नागपुर (Nagpur) जाने के लिए एक तरफ से कितना टोल टैक्स (Toll Tax) देना पड़ेगा। बताया गया है कि समृद्धि पर यात्रा करते समय मुंबई से नागपुर तक एक तरफ के लिए 1157 रुपए टोल के रूप में देने होंगे। इस तरह दोनों तरफ 2300 रुपए से ज्यादा टोल के रूप में खर्च करने पड़ेंगे।

इस एक्सप्रेस-वे पर केंद्र सरकार की ओर से जारी किए गए टोल टैक्स निर्देशों के अनुसार, लाइट वेट व्हीकल के लिए प्रति किमी 1.65 रुपये प्रति किमी के हिसाब से टोल टैक्स लिया जाएगा। इसके साथ ही भारी वाहनों को हल्के वाहनों के मुकाबले तीन गुना ज्यादा टोल देना होगा।

701 किमी लंबा यह एक्सप्रेस-वे देश की आर्थिक और महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई को नागपुर से जोड़ेगा। देश के सबसे तेज एक्सप्रेस-वे में से एक इस सम्रद्धि को बनाने में 55000 करोड़ रुपये का खर्चा आया है। इस पर 150 किलोमीटर की स्पीड से वाहन दौड़ सकते हैं। बनने के बाद मुंबई और नागपुर के बीच की दूरी केवल 6 से 7 घंटे में पूरी की जा सकेगी। इसके साथ ही सरकार इस एक्सप्रेस वे के साइड में 250 मेगावॉट का सोलर प्लांट भी लगाने की योजना बना रही है।

महाराष्ट्र के लोक निर्माण मंत्री एकनाथ शिंदे ने इस परियोजना के लिए संशोधित समय सीमा की घोषणा की है। जिसमें नागपुर और शिर्डी के बीच 520 किलोमीटर खंड को इस साल दिसंबर तक पूरा किया जाना है। इसके अलावा शिर्डी से ठाणे तक दिसंबर 2022 तक बनाने का लक्ष्य है। लोक निर्माण मंत्री शिंदे के अनुसार, एक्सप्रेस-वे के निर्माण में देरी कोरोना महामारी की वजह से हुई है। राज्य सरकार जल्द से जल्द इस एक्सप्रेस-वे का पूरा करने पर जोर दे रही है।